बलौदाबाजार जिले में धान खरीदी की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने कड़ी निगरानी और सघन जांच अभियान तेज कर दिया है। कृषि उपज मण्डी समिति के अनुसार, अब तक 158 प्रकरणों में कुल 6814 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया है, जिसका मूल्य लगभग 1.56 करोड़ रुपये है।

खरीदी प्रभारी पर FIR
कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर 5 जनवरी को उपार्जन केंद्र मनोहरा का भौतिक सत्यापन किया गया। जांच में 124.80 क्विंटल धान (कीमत 2,95,651 रुपये) की कमी पाई गई। इसके बाद धान खरीदी प्रभारी ऋषि कुमार शर्मा के खिलाफ अमानत में खयानत और शासन को हानि पहुंचाने के आरोप में FIR दर्ज कराई गई।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि धान खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की हेराफेरी या अवैध कार्यों पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है। इसी नीति के तहत, पिछले दिनों एक रईस मिलर्स पर भी FIR दर्ज की जा चुकी है।
अब तक जब्त धान की जानकारी
कृषि उपज मण्डी समिति द्वारा जब्त अवैध धान का विवरण इस प्रकार है:
- बलौदाबाजार: 83 प्रतिष्ठानों से 2457.40 क्विंटल, मूल्य 54,09,920 रुपये
- भाटापारा: 54 प्रतिष्ठानों से 3397.14 क्विंटल, मूल्य 80,41,035 रुपये
- कसडोल: 21 प्रतिष्ठानों से 959.80 क्विंटल, मूल्य 21,63,020 रुपये
प्रशासन की कार्रवाई
जिला प्रशासन ने सभी व्यापारियों को धान उपार्जन अवधि में अवैध परिवहन, भंडारण और वितरण पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। जिले में अवैध धान परिवहन रोकने के लिए 12 चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं। साथ ही अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के नेतृत्व में दल बनाकर लगातार छापेमारी और जांच कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन ने कहा है कि धान उपार्जन व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।