
इंदौर। मध्य प्रदेश के महू क्षेत्र में दूषित पानी से कई लोग बीमार पड़ गए हैं। पत्ती बाजार, चंदर मार्ग और मोती महल इलाके में नलों से मटमैला और बदबूदार पानी आ रहा है, जिससे पिछले 10–15 दिनों में लगभग 25 लोग संक्रमित हुए हैं, जिनमें अधिकतर बच्चे शामिल हैं।
वर्तमान में 9 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि अन्य घर पर ही उपचार ले रहे हैं। प्रभावित परिवारों में छह बच्चे शामिल हैं। इलाके में पाइपलाइन लीकेज और नालियों के बीच से गुजरने के कारण गंदा पानी सप्लाई में मिल रहा है।
हालात को देखते हुए इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा देर रात महू पहुंचे और अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात की। कलेक्टर ने बताया कि गंभीर लक्षण वाले मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा, जबकि हल्के लक्षण वाले लोगों का घर पर ही उपचार किया जाएगा। कल से पूरे महू क्षेत्र में स्वास्थ्य सर्वे भी शुरू किया जाएगा।