हुड़दंगियों पर रहेगी निगरानी, होगी कार्यवाही
प्रशासन ने की अपील- होली का पर्व प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं
कोरिया, 27 फरवरी 2026/ पुलिस लाइन मीटिंग हॉल, बैकुंठपुर में शुक्रवार को होली पर्व के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे, बैकुंठपुर एसडीएम उमेश पटेल, एसडीओपी राजेश साहू एवं डीएसपी श्याम मधुकर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में शासन-प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों की जानकारी दी गई तथा जनप्रतिनिधियों से सुझाव भी प्राप्त किए गए।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि होली का पर्व आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाया जाए।
बैठक में होली का त्यौहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाने, रंग लगाते समय कीचड़, पेंट आदि का उपयोग नहीं करने, डीजे का उपयोग नहीं करने, शराब व अन्य नशे का सेवन करके वाहन नहीं चलाने एवं दुपहिया वाहनों में तीन सवारी नहीं बैठाने, मुस्लिम समुदाय के लोगों पर जबरदस्ती रंग नहीं लगाने, होलिका दहन निर्धारित समय पर करने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने एवं सोशल मीडिया पर उत्तेजक पोस्ट नहीं डालने, राहगीरों पर जबरदस्ती रंग नहीं डालने, मुखौटे का प्रयोग नहीं करने तथा बीच सड़क या बिजली तार के नीचे होलिका दहन नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा के विशेष प्रबंध
पुलिस प्रशासन ने बताया कि होली ड्यूटी के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग की जाएगी तथा न्यूनतम रिस्पांस टाइम में पुलिस टीम मौके पर पहुंचेगी। कंट्रोल रूम में एंबुलेंस एवं फायर ब्रिगेड तैनात रहेंगे। महिला पुलिस बल की ड्यूटी भी लगाई जाएगी। साथ ही क्यूआरटी टीम एवं विशेष कमांडो दल को भी अलर्ट मोड में तैनात किया जाएगा।
बैठक में जनप्रतिनिधि श्री शैलेश शिवहरे, श्री सुभाष साहू, श्री अनिल खटीक, पार्षदगण एवं सखी वन स्टाफ सेंटर के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
प्रशासन ने की अपील
प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि होली का पर्व प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।