भानुप्रतापपुर। नगर में क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आदित्य क्रिकेट अकादमी का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अकादमी की स्थापना का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में ड्यूस बॉल क्रिकेट को पुनर्जीवित करना, युवा खिलाड़ियों को पेशेवर प्रशिक्षण देना तथा उनमें अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना का विकास करना है।
अकादमी विशेष रूप से अंडर-14, अंडर-16 और अंडर-18 आयु वर्ग के बच्चों को ध्यान में रखकर शुरू की गई है, ताकि कम उम्र से ही खिलाड़ियों की प्रतिभा को पहचान कर उन्हें सही दिशा में प्रशिक्षित किया जा सके।
इस अवसर पर आयोजकों ने बताया कि अकादमी का उद्घाटन दिवंगत अखिल सिंह राठौर के विजन को समर्पित है। स्व. राठौर का सपना था कि भानुप्रतापपुर में ऐसी क्रिकेट एकेडमी स्थापित हो, जहाँ बच्चों को वास्तविक क्रिकेट का प्रशिक्षण मिल सके। उन्होंने लगभग 35 वर्षों तक खिलाड़ियों को मैदान से जोड़े रखा और अंतर्राज्यीय क्रिकेट आयोजनों का सफल नेतृत्व किया। श्री मारुति क्रिकेट क्लब के माध्यम से उनके मार्गदर्शन में अनेक खेल गतिविधियाँ संचालित होती रही हैं।
अकादमी के संचालक आदित्य गोलानी ने बताया कि उनका लक्ष्य स्थानीय खिलाड़ियों को सही मार्गदर्शन और बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना है, जिससे वे आगे चलकर जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। उन्होंने कहा कि एक मजबूत प्लेटफॉर्म मिलने से यहां के खिलाड़ी भविष्य में विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह जैसे मुकाम तक पहुंच सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान अनंत गोपाल कोठारी ने आदित्य गोलानी और उनकी टीम को शुभकामनाएं देते हुए इस पहल को सराहनीय बताया। वहीं निखिल सिंह राठौर ने कहा कि यह एकेडमी युवाओं को मोबाइल की लत और नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने में अहम भूमिका निभाएगी। मोहन हरदावानी ने भी भानुप्रतापपुर क्रिकेट के विकास में अपने सहयोग का उल्लेख किया।
वक्ताओं ने कहा कि क्रिकेट केवल एक खेल नहीं, बल्कि जीवन में अनुशासन, संघर्ष और टीम वर्क सिखाने का माध्यम है। यह एकेडमी युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाकर उन्हें एक उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर करेगी।
कार्यक्रम के अंत में नगरवासियों और खेल प्रेमियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले समय में यह एकेडमी भानुप्रतापपुर को क्रिकेट के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगी और क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्रदान करेगी।
इस अवसर पर राकेश रमानी अध्यक्ष व्यापारी संघ, गुरदीप सिंह ढींढसा अध्यक्ष परिवहन संघ,राज कुमार ठाकुर,सचिन दुबे, लक्ष्मी ठाकुर, वरुण खापर्डे, नरोत्तम सिह चौहान सहित गणमान्य नागरिक जन उपस्थित रहे।
भानुप्रतापपुर में आदित्य क्रिकेट अकादमी का शुभारंभ, युवाओं को मिलेगा बेहतर प्रशिक्षण

02
Apr