शादी के 10 साल बाद मां बनने वाली हैं एक्ट्रेस दिव्यांका त्रिपाठी, नवरात्र के शुभ अवसर पर फैंस के साथ साझा की खुशखबरी

मुंबई। टेलीविजन की मशहूर अभिनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी ने चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर अपने प्रशंसकों के साथ एक बड़ी खुशखबरी साझा की है। शादी के 10 साल बाद दिव्यांका और उनके पति विवेक दहिया के घर नन्हे मेहमान की दस्तक होने वाली है। अभिनेत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपना बेबी बंप फ्लॉन्ट करते हुए तस्वीरें साझा की हैं, जिन्हें देखकर उनके चाहने वाले बेहद उत्साहित हैं।

साझा की गई तस्वीरों में दिव्यांका और विवेक सफेद रंग के परिधानों में एक साथ नजर आ रहे हैं। तस्वीरों में दोनों की बॉन्डिंग और माता-पिता बनने की खुशी उनके चेहरों पर साफ देखी जा सकती है। विवेक दहिया को बड़े प्यार से दिव्यांका का बेबी बंप थामे हुए पोज देते देखा गया।

इस विशेष जानकारी को साझा करते हुए अभिनेत्री ने एक भावुक संदेश भी लिखा है। उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि शादी के 10 साल बाद उनकी जिंदगी की कहानी में एक नया और सुखद मोड़ आया है। दिव्यांका ने लिखा कि कुछ सफर भागने के लिए नहीं होते, बल्कि साथ में तैयार होने के लिए होते हैं। जब आपको लगने लगता है कि आपकी कहानी पूरी हो गई है, तभी जिंदगी एक सबसे खूबसूरत अध्याय जोड़ देती है।

दिव्यांका ने अपने पोस्ट में आगे लिखा कि वे दोनों इस समय बिना किसी वजह के मुस्कुरा रहे हैं और आने वाले नन्हे मेहमान का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने अपने शुभचिंतकों और प्रशंसकों का दिल से आभार भी व्यक्त किया है। गौरतलब है कि दिव्यांका और विवेक की जोड़ी टीवी जगत की सबसे चर्चित जोड़ियों में से एक है और इस खबर के सामने आने के बाद से ही सोशल मीडिया पर उन्हें बधाइयां मिलने का सिलसिला शुरू हो गया है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *