मुंबई। बॉलीवुड के वरिष्ठ अभिनेता धर्मेंद्र की शुक्रवार, 31 अक्टूबर को अचानक तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आई, जिसके बाद उन्हें मुंबई के कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, परिवार से जुड़े सूत्रों ने बताया कि यह एक नियमित स्वास्थ्य जांच है और अभिनेता के स्वास्थ्य को लेकर चिंता की कोई बात नहीं है।
सूत्रों के अनुसार, धर्मेंद्र को केवल उनकी उम्र को ध्यान में रखते हुए एहतियाती तौर पर अस्पताल ले जाया गया है। उनके करीबी ने बताया कि अभिनेता पूरी तरह स्वस्थ हैं और यदि कोई गंभीर स्थिति होती तो उन्हें पास के किसी आपात अस्पताल में ले जाया जाता।
धर्मेंद्र हाल ही में अपनी आने वाली फिल्म ‘इक्कीस’ के प्रचार में व्यस्त थे। अस्पताल में भर्ती होने की खबर के बाद उनके प्रशंसकों में चिंता की लहर दौड़ गई थी, लेकिन अब परिवार और सूत्रों ने उनके स्वस्थ होने की पुष्टि की है।
फिल्म ‘इक्कीस’ में धर्मेंद्र, अभिनेता अगस्त्य नंदा के दादा की भूमिका में नजर आएंगे। श्रीराम राघवन के निर्देशन में बनी यह फिल्म 1971 के भारत-पाक युद्ध के नायक अरुण खेत्रपाल की कहानी पर आधारित है, जिन्हें मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया था। फिल्म के दिसंबर में रिलीज होने की संभावना है।
धर्मेंद्र 70 और 80 के दशक में हिंदी सिनेमा के सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में से एक रहे हैं। आज भी वे फिल्मों और सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं। अपने करियर में उन्होंने कई सुपरहिट फिल्में दीं और अपने दमदार व्यक्तित्व के चलते उन्हें “ही-मैन ऑफ बॉलीवुड” कहा गया।
 
	
 
											 
											 
											 
											