रमेश गुप्ता, भिलाई।
भिलाई नगर क्षेत्र में रविवार शाम एक वृद्ध महिला से मंगलसूत्र लूट की घटना सामने आई, लेकिन पुलिस की सतर्कता और तत्परता के चलते आरोपी को कुछ ही देर में गिरफ्तार कर लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 05 अप्रैल को प्रार्थिया रमीला वर्मा (उम्र 65 वर्ष) सेक्टर-6 ए मार्केट से दवाइयां लेकर सेक्टर-6, सड़क-17 स्थित अपने घर जा रही थीं। इसी दौरान लगभग शाम 7:45 बजे एक युवक ने उनसे सड़क-17 का पता पूछा और अचानक उनके गले से सोने का मंगलसूत्र झपटकर सेंट्रल एवेन्यू की ओर भाग गया।
घटना के बाद महिला द्वारा शोर मचाने पर मौके से गुजर रहे सत्य प्रकाश तिवारी सीएसपी भिलाई नगर एवं थाना भिलाई नगर थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा की पेट्रोलिंग टीम ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए आम नागरिकों के सहयोग से आरोपी का पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम हर्ष चंद्राकर (उम्र 22 वर्ष), निवासी संगम चौक, खुर्सीपार बताया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया सोने का मंगलसूत्र बरामद कर उसे जब्त कर लिया है।
घटना के संबंध में थाना भिलाई नगर में आरोपी के विरुद्ध धारा 304(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है तथा आगे की विधिवत कार्रवाई जारी है।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल आरोपी शीघ्र गिरफ्तार हुआ, बल्कि पीड़िता का कीमती आभूषण भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आमजन में विश्वास और मजबूत हुआ है।
महिला से मंगलसूत्र लूटने वाला आरोपी चंद मिनटों में गिरफ्तार, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बरामद हुआ सामान

06
Apr