गुम मोबाइल से सवा लाख की ठगी करने वाला आरोपी बिहार से गिरफ्तार

भिलाईनगर। छावनी पुलिस ने दो साल पहले गुम हुए मोबाइल का दुरुपयोग कर बैंक खाते से सवा लाख रुपये निकालने वाले आरोपी को बिहार से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने मोबाइल हाथ लगने के बाद उसका पासवर्ड हैक किया और यूपीआई के जरिए रकम पार कर दी थी।

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा के अनुसार, प्रार्थी संतोष कुमार ने 6 मार्च 2024 को छावनी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका मोबाइल कहीं गिर गया था। इसके बाद अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल का इस्तेमाल कर फोन पे यूपीआई के माध्यम से कुल 1 लाख 23 हजार 900 रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर लिए। पुलिस ने इस मामले में धारा 420 और 34 के तहत अपराध दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान बैंक खातों की जानकारी जुटाने पर पता चला कि ठगी की राशि बिहार के कैमूर जिले में संचालित एक खाते में भेजी गई है। यह खाता सचिन किसपोट्टा (32 वर्ष) के नाम पर था। पुख्ता सबूत मिलने के बाद पुलिस की एक विशेष टीम बिहार भेजी गई, जहां से आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि उसने पासवर्ड कैसे हैक किया और क्या इस काम में कोई और भी शामिल था।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *