रायपुर। खम्हारडीह थाना क्षेत्र के कचना स्थित साहू दूध डेयरी में काम करने वाले दो युवकों के बीच हुए विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई। यह घटना 23 और 24 दिसंबर की दरमियानी रात करीब 1.30 बजे की बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार साहू दूध डेयरी कचना के संचालक चिंटू साहू देर रात थाने पहुंचे और सूचना दी कि डेयरी में काम करने वाले कर्मचारी सन्नी साहू और दुर्गेश धृतलहरे डेयरी में मौजूद नहीं हैं। दोनों जिस कमरे में रहते थे, वहां फर्श पर खून फैला हुआ मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
डेयरी में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में सामने आया कि दोनों कर्मचारियों के बीच जमकर झगड़ा हुआ था। विवाद के दौरान दुर्गेश धृतलहरे बेहोश होकर गिर पड़ा, जिसके बाद सन्नी साहू उसे ऑटो में बैठाकर वहां से ले गया। तलाश के दौरान पुलिस को आरोपी सन्नी साहू मेकाहारा अस्पताल में मिला।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दोनों ने शराब पी थी, इसी दौरान आपसी विवाद हो गया। झगड़े के दौरान सन्नी साहू ने लोहे की रॉड और धारदार औजार से दुर्गेश के गले और गाल पर हमला किया। घायल दुर्गेश को आरोपी मेकाहारा अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी सन्नी साहू (22 वर्ष) कचना का निवासी है और दूध बांटने का काम करता है। मृतक दुर्गेश धृतलहरे खरोरा थाना क्षेत्र के परसवानी गांव का निवासी था और ट्रैक्टर चलाने का कार्य करता था। दोनों युवक डेयरी में रहकर ही काम कर रहे थे। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।