भानुप्रतापपुर में आरोप-प्रत्यारोप तेज: कांग्रेस नेता का पलटवार, बोले—“विधायक की छवि खराब करने की साजिश”

भानुप्रतापपुर। क्षेत्र की राजनीति में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष गुरदीप सिंह ढीँडसा ने संयुक्त पुलिस कर्मचारी एवं परिवार कल्याण संघ के अध्यक्ष उज्ज्वल दीवान द्वारा भानुप्रतापपुर की विधायक पर लगाए गए आरोपों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
ढीँडसा ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यह पूरी तरह निराधार और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय विधायक की छवि खराब करने के उद्देश्य से रेत तस्करी और अवैध कब्जे जैसे गंभीर आरोप गढ़े जा रहे हैं, जिनका कोई ठोस आधार नहीं है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस भवन को लेकर विवाद खड़ा किया जा रहा है, वह विधायक बनने से कई वर्ष पहले ही उनके पुत्र के नाम पर विधिवत रूप से निर्मित है और उसका वैध पट्टा भी मौजूद है।
रेत उत्खनन के मुद्दे पर पलटवार करते हुए ढीँडसा ने कहा कि यदि कहीं अनियमितता हो रही है, तो उसमें भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की संलिप्तता है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान में प्रदेश में भाजपा की सरकार है, ऐसे में अवैध उत्खनन पर रोक न लग पाना सरकार की जिम्मेदारी को दर्शाता है।
ढीँडसा ने उज्ज्वल दीवान को नसीहत देते हुए कहा कि किसी महिला विधायक पर आरोप लगाने से पहले तथ्यों की पुष्टि करना जरूरी है। उन्होंने इस तरह की बयानबाजी को अनुचित और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कड़ी निंदा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *