जीआरपी के सहयोग से त्वरित रेस्क्यू, 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल और फिर रायपुर रेफर
रमेश गुप्ता
दुर्ग । दुर्ग रेलवे स्टेशन परिसर में शनिवार दोपहर एक युवक चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान संतुलन बिगड़ने से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जीआरपी के सहयोग से युवक का रेस्क्यू किया और उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर 2:29 बजे डायल 112 को इवेंट क्रमांक 246781 प्राप्त हुआ, जिसमें दुर्ग रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति के ट्रेन से गिरकर घायल होने की सूचना दी गई थी। सूचना मिलते ही ऑन ड्यूटी आरक्षक रमेश प्रसाद जायसवाल (बैच क्रमांक 952) एवं चालक लकेश्वर (आईडी क्रमांक 1499), जो मोहन नगर चीता-01 में ड्यूटी पर थे, तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए।

पैर में गंभीर चोट, प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर
मौके पर पहुंची टीम ने जीआरपी पुलिस के सहयोग से घायल युवक को सुरक्षित संरक्षण में लिया और तत्काल 108 एंबुलेंस को बुलाया। एंबुलेंस के माध्यम से उसे जिला अस्पताल दुर्ग पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान पैर (घुटने के नीचे) में अत्यंत गंभीर चोट की पुष्टि हुई। चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए युवक को रायपुर रेफर कर दिया, जिसके बाद 108 एंबुलेंस से उसे रायपुर भेजा गया। एक अटेंडर को भी साथ भेजा गया है।
घायल की पहचान भूषण यादव (लगभग 28 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूलतः बिहार का निवासी है और वर्तमान में नागपुर क्षेत्र में कार्यरत बताया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह किसी निजी कार्य से भिलाई-दुर्ग आया हुआ था। ट्रेन में चढ़ते समय संतुलन बिगड़ने से वह गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजनों को दी सूचना
पुलिस ने घायल के मोबाइल फोन से परिजनों का संपर्क नंबर प्राप्त कर उन्हें तत्काल सूचना दी। बताया जा रहा है कि परिजन बिहार से दुर्ग/रायपुर के लिए रवाना हो चुके हैं।
त्वरित प्रतिक्रिया की सराहना
डायल 112 टीम द्वारा त्वरित प्रतिक्रिया, जीआरपी से समन्वय एवं मानवीय दृष्टिकोण के साथ की गई कार्यवाही को सराहनीय माना जा रहा है। समय पर रेस्क्यू और उपचार की व्यवस्था होने से युवक को शीघ्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकी।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि रेलवे स्टेशन एवं चलती ट्रेन में चढ़ते-उतरते समय विशेष सावधानी बरतें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल 112 पर सूचना दें, ताकि समय रहते सहायता उपलब्ध कराई जा सके।