साल 2026 की एसीबी की पहली ट्रैप कार्रवाई: SDM कार्यालय का बाबू एक लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

नए साल की शुरुआत में ही एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वतखोरी के एक मामले का पर्दाफाश किया है। एसीबी की बिलासपुर इकाई ने धर्मजयगढ़ स्थित SDM कार्यालय में पदस्थ बाबू अनिल कुमार चेलक को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

कार्रवाई के दौरान आरोपी ने संदेह होने पर रिश्वत की रकम को अपने शासकीय आवास के पीछे फेंक दिया था, जिसे एसीबी टीम ने बरामद कर लिया।

जमीन नामांतरण के मामले में मांगी थी रिश्वत

एसीबी बिलासपुर के डीएसपी अजितेश सिंह ने बताया कि 24 दिसंबर 2025 को ग्राम अमलीटिकरा, जिला रायगढ़ निवासी राजू कुमार यादव ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने अपने नाम पर जमीन खरीदी थी, जिसकी रजिस्ट्री और नामांतरण विधिवत हो चुका था।

इसके बावजूद SDM कार्यालय में पदस्थ बाबू अनिल चेलक ने उसे बुलाकर कहा कि जमीन की रजिस्ट्री गलत तरीके से हुई है और इस संबंध में शिकायत दर्ज है। बाद में मामले को नस्तीबद्ध करने के बदले आरोपी ने दो लाख रुपये रिश्वत की मांग की।

सत्यापन के बाद बिछाया गया जाल

शिकायत की जांच और सत्यापन के दौरान आरोप सही पाए गए। आरोपी ने पहली किश्त के रूप में एक लाख रुपये लेने की सहमति दी, जिसके बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई।

2 जनवरी को शिकायतकर्ता को एक लाख रुपये की राशि देकर धर्मजयगढ़ स्थित आरोपी के शासकीय आवास भेजा गया। जैसे ही आरोपी ने रकम हाथ में ली, उसे शक हुआ और उसने तुरंत दरवाजा बंद कर लिया।

डर के कारण घर के पीछे फेंकी रकम

एसीबी टीम द्वारा लगातार दबाव बनाए जाने पर दरवाजा खुला। शुरुआत में आरोपी ने रिश्वत लेने से इनकार किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि वह रकम को अपने आवास के पीछे दीवार के उस पार एक बैग में डालकर फेंक चुका है। टीम ने मौके से रिश्वती रकम बरामद कर ली।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

एसीबी ने आरोपी अनिल कुमार चेलक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी 2 जनवरी 2025 को एसीबी बिलासपुर ने जांजगीर जिले में हथकरघा विभाग के निरीक्षक को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर वर्ष की पहली ट्रैप कार्रवाई की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *