जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है, जहाँ शराब के नशे में सड़क किनारे सो रहे एक युवक की बाइक अचानक आग का गोला बन गई। गनीमत रही कि जब बाइक की पेट्रोल टंकी फटने के बाद आग की लपटें आसमान छू रही थीं, तब युवक उससे थोड़ा दूर सो रहा था, जिससे उसकी जान बच गई।
शराब के नशे में गहरी नींद, बगल में जलती रही बाइक पूरी घटना सर्वमंगला चौकी के ग्राम पड़निया की है। बताया जा रहा है कि मनीराम यादव नाम का शख्स सर्वमंगला से अपने गांव पड़निया लौट रहा था। उसने इतनी ज्यादा शराब पी रखी थी कि वह घर तक भी नहीं पहुँच पाया और रास्ते में ही सड़क किनारे बाइक खड़ी कर गहरी नींद में सो गया। इसी दौरान बाइक में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते गाड़ी धू-धू कर जलने लगी।
धमाके के साथ फटी पेट्रोल टंकी आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में बाइक की पेट्रोल टंकी धमाके के साथ फट गई। आग लगने की खबर मिलते ही गांव वाले मौके पर जमा हो गए, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। ताज्जुब की बात यह रही कि इतना शोर और धमाका होने के बावजूद बाइक का मालिक पास में ही बेखबर सोता रहा।
आग कैसे लगी, अब भी रहस्य फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि खड़ी बाइक में आग खुद-ब-खुद शॉर्ट सर्किट से लगी या किसी ने जानबूझकर लगाई है। राहत की बात बस इतनी रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस और स्थानीय लोग मामले की जांच कर रहे हैं।