Ambikapur Accident : अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में रविवार की रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। नेशनल हाईवे-130 पर मणिपुर थाना क्षेत्र के भिठ्ठीकला गांव के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क पार कर रही तीन महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सब्जी बेचकर लौट रही थीं महिलाएं मिली जानकारी के अनुसार, जोगीबांध गांव की रहने वाली तीन महिलाएं—60 वर्षीय मुन्नी बाई, राम बाई और एक अन्य 55 वर्षीय महिला—भिठ्ठीकला के साप्ताहिक बाजार में सब्जी बेचने आई थीं। रात करीब 7 बजे जब वे अपना काम निपटाकर घर लौटने के लिए सड़क पार कर रही थीं, तभी सामने से आ रही अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
भीड़ का फूटा गुस्सा, चालक की जमकर धुनाई प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के वक्त वाहन चालक नशे में पूरी तरह धुत था। घटना से आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ ने चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। गुस्साई भीड़ के हत्थे चढ़े चालक को गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस ने बमुश्किल बचाई चालक की जान हादसे की सूचना मिलते ही मणिपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने उग्र भीड़ को शांत कराया और मरणासन्न हालत में चालक को लोगों के चंगुल से छुड़ाकर लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया। वहीं, तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मर्चुरी भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की तैयारी में है।