दंतेवाड़ा। जिले के कोड़ेनार थाना क्षेत्र अंतर्गत बास्तानार घाट में नेशनल हाईवे-63 पर एक बड़ा हादसा टल गया। यहां चलती कार में अचानक आग लग गई, जिससे वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया और देखते ही देखते वाहन आग का गोला बन गया। आग इतनी भयावह थी कि आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और नेशनल हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया। घटना की सूचना मिलते ही कोड़ेनार थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है ताकि तकनीकी खराबी या अन्य किसी कारण का पता लगाया जा सके। इस घटना के बाद से हाईवे से गुजरने वाले अन्य वाहन चालकों में भी काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा।