कटक के सरकारी अस्पताल में लगी भीषण आग, 10 मरीजों की दर्दनाक मौत, मची चीख-पुकार…

Odisha Hospital Fire : कटक। ओडिशा के कटक स्थित राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल, एससीबी (SCB) मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में सोमवार तड़के मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई। अस्पताल के ट्रॉमा केयर यूनिट के आईसीयू (ICU) में भीषण आग लगने से 10 मरीजों की दर्दनाक मौत हो गई। इस भीषण अग्निकांड में मरीजों को बचाने की कोशिश कर रहे अस्पताल के 11 कर्मचारी भी गंभीर रूप से झुलस गए हैं।

तड़के 2:30 बजे मची चीख-पुकार जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार तड़के करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच हुआ। उस वक्त ट्रॉमा केयर यूनिट के आईसीयू में गंभीर रूप से घायल और बीमार मरीज भर्ती थे। अचानक शॉर्ट-सर्किट के कारण उठी चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे वार्ड में जहरीला धुआं भर गया। नींद में डूबे मरीजों और उनके परिजनों के बीच अचानक चीख-पुकार मच गई। अस्पताल में मौजूद सुरक्षाकर्मियों और स्टाफ ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन धुआं इतना घना था कि सांस लेना दूभर हो गया।

फायर ब्रिगेड का रेस्क्यू ऑपरेशन घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुँचीं। भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। बचाव दल ने खिड़कियां तोड़कर और ऑक्सीजन मास्क की मदद से आईसीयू में फंसे 23 मरीजों को बाहर निकाला और अन्य वार्डों में शिफ्ट किया। हालांकि, इस अफरा-तफरी और धुएं के कारण 7 मरीजों ने शिफ्टिंग के दौरान ही दम तोड़ दिया, जबकि 3 अन्य की इलाज के दौरान मौत हो गई। घायलों में शामिल 11 स्टाफ मेंबर्स की हालत भी नाजुक बनी हुई है।

मुख्यमंत्री ने की समीक्षा, मुआवजे का ऐलान हादसे की खबर मिलते ही ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग तत्काल अस्पताल पहुंचे। मुख्यमंत्री ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और अस्पताल प्रशासन से पूरी रिपोर्ट तलब की। सरकार ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए 25-25 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। साथ ही, घायलों के मुफ्त और बेहतर इलाज के निर्देश दिए गए हैं।

न्यायिक जांच के आदेश मुख्यमंत्री माझी ने इस पूरी घटना की न्यायिक जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शुरुआती जांच में शॉर्ट-सर्किट मुख्य वजह लग रही है, लेकिन अस्पताल में अग्नि सुरक्षा (Fire Safety) के मानकों की अनदेखी हुई है या नहीं, इसकी गहराई से जांच की जाएगी। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया है। फिलहाल अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात है और दहशत का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *