मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में बारात से लौट रही एक एसयूवी कार में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। हादसे के वक्त गाड़ी में दूल्हा-दुल्हन समेत कुल सात लोग सवार थे, जिन्होंने समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। यह घटना लालपुर थाना क्षेत्र के बंधवापुल के पास की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, बेमेतरा जिले के खाती से बारात मुंगेली के मोहतरा गांव आई हुई थी। शादी समारोह संपन्न होने के बाद रविवार सुबह दूल्हा-दुल्हन और उनके परिजन कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में चालक को इंजन से धुआं निकलता हुआ महसूस हुआ। चालक ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोका। देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई और पूरी कार धुएं के गुबार से भर गई।
खतरे को भांपते हुए कार में सवार सभी सात लोग आनन-फानन में नीचे उतरे। कुछ ही मिनटों में कार आग के गोले में तब्दील हो गई और पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी सुरक्षित हैं।