रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र में लकड़ी फैक्ट्री में लगी भीषण आग, दो कर्मचारी सुरक्षित निकाले गए

रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक लकड़ी फैक्ट्री में शुक्रवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि फैक्ट्री परिसर में रखा एक ट्रैक्टर और कई मशीनें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। सूचना मिलने पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

घटना उरला थाना क्षेत्र की है, जहां स्थित भीम सरिया मिनरल प्राइवेट लिमिटेड की लकड़ी फैक्ट्री में शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे के आसपास आग भड़क गई। देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप ले लिया और फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।

सूचना के बाद नगर निगम और निजी संस्थानों की छह से अधिक दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का काम शुरू किया। इस दौरान टीम ने साहस दिखाते हुए फैक्ट्री के अंदर फंसे दो कर्मचारियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

दमकल विभाग के अनुसार, करीब तीन घंटे के सघन बचाव कार्य के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है। फैक्ट्री के अंदर रखा सामान जलकर नष्ट हो गया है, लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *