भिलाई के सेक्टर-8 में मोबाइल टावर में लगी भीषण आग, धुएं के गुबार से मचा हड़कंप; मौके पर पहुंचीं दमकल की गाड़ियां

रमेश गुप्ता भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई नगर से इस वक्त बड़ी खबर सामने आई है। भिलाई के सेक्टर-8 स्थित एक मोबाइल टावर में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टावर से अचानक धुआं और तेज लपटें उठती देख आसपास के लोग घबरा गए। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 और फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि आग इतनी तेज थी कि दूर से ही धुएं का गुबार देखा जा सकता था। एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया है ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।
फिलहाल राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के पीछे शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा।
प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है और आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *