भिलाई-तीन में बड़ा हादसा टला: बारूद सामग्री ले जा रहा ट्रक ट्रांसफार्मर से टकराया, केबिन में लगी आग पर दमकल ने पाया काबू

रमेश गुप्ता भिलाई। गुरुवार तड़के भिलाई-तीन क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रायपुर की ओर जा रहा बारूद से संबंधित सामग्री ले जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक सर्विस रोड पर उतर गया और उसके केबिन में अचानक आग भड़क उठी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम सक्रिय हुआ और तत्काल अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग को अलर्ट किया गया। कुछ ही देर में दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया गया।
जान जोखिम में डालकर केबिन में घुसी टीम
मौके पर पहुंची अग्निशमन टीम ने देखा कि ट्रक क्रमांक TS 05 UB 2355 के केबिन में तेज लपटें उठ रही थीं। ट्रक में ज्वलनशील सामग्री से संबंधित लोड होने की आशंका के चलते स्थिति बेहद संवेदनशील थी। इसके बावजूद दमकल कर्मियों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए केबिन के भीतर घुसकर आग पर काबू पाया।
समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से संभावित विस्फोट और बड़े हादसे की आशंका टल गई। राहत की बात यह रही कि ट्रक का टैंकर खाली था, जिससे नुकसान सीमित रहा और कोई जनहानि नहीं हुई।


वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में चला रेस्क्यू
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी विजय अग्रवाल के निर्देश पर छावनी सीएसपी प्रशांत सिंह पैकरा, भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी तथा जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह मौके पर पहुंचे।
अग्निशमन और थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित करते हुए घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। मौके पर यातायात को अस्थायी रूप से रोका गया, ताकि रेस्क्यू कार्य में कोई बाधा न आए।


ट्रक जब्त, कारणों की जांच शुरू
आग पूरी तरह बुझने के बाद क्षतिग्रस्त ट्रक को सुरक्षित निकालकर भिलाई-तीन थाना परिसर में रखवाया गया है। प्रारंभिक जांच में ट्रक के अनियंत्रित होने की वजह तकनीकी खराबी या चालक की लापरवाही मानी जा रही है, हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएंगे।
इस पूरे अभियान में अग्निशमन दल प्रभारी महेंद्र चंदेल, केशव यादव समेत पूरी टीम की तत्परता और बहादुरी की सराहना की जा रही है। उनकी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया और क्षेत्र में संभावित भारी नुकसान से बचाव हो सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *