कोरिया 24 जनवरी 2026/
राज्य शासन के निर्देशानुसार 26 जनवरी 2026 को संपूर्ण राज्य में उल्लास मेलों का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में जिला कोरिया के प्रत्येक ग्राम में भी उल्लास मेला आयोजित किया जाएगा।
यह आयोजन संबंधित ग्राम में संचालित शीर्ष शैक्षणिक संस्था के परिसर में किया जाएगा। उल्लास मेले का उद्देश्य नवसाक्षर एवं सर्वेक्षण के माध्यम से चिन्हित नए साक्षर नागरिकों को साक्षरता के प्रति जागरूक करना तथा उनके द्वारा अर्जित ज्ञान का व्यवहारिक उपयोग सुनिश्चित करना है। मेले में विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों एवं स्टॉलों के माध्यम से पठन-लेखन, गणनात्मक ज्ञान, जीवनोपयोगी कौशल एवं डिजिटल साक्षरता से जुड़ी गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।
मेले के दौरान सायं 5 बजे मेला स्थलों पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा जिला कोरिया को शत-प्रतिशत साक्षर बनाने हेतु संचालित सर्वेक्षण कार्य की औपचारिक घोषणा की जाएगी। साथ ही आगामी मार्च 2026 में आयोजित होने वाली महा परीक्षा अभियान में सभी पात्र नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया जाएगा, ताकि कोरिया जिले को पूर्ण साक्षर जिला बनाया जा सके।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के ‘सभी के लिए शिक्षा’ के उद्देश्यों की पूर्ति हेतु जिला कोरिया में इस अभियान को समग्रता के साथ क्रियान्वित किया जा रहा है। जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण की अध्यक्ष के मार्गदर्शन में जिला, विकासखंड, संकुल एवं ग्राम स्तर तक आवश्यक बैठकों का आयोजन किया जा चुका है।
जनजागरूकता के लिए दीवार लेखन, मुनादी एवं निमंत्रण पत्रों के माध्यम से नवसाक्षरों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों को उल्लास मेले में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। इस आयोजन से जिले में साक्षरता अभियान को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।