रायगढ़ के जंगलों में दिखा हाथियों का कुनबा, सुरक्षा घेरे में चलते नजर आए दो नन्हे शावक

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के जंगलों से हाथियों के एक दल की मनमोहक तस्वीर सामने आई है। धरमजयगढ़ वन मंडल के छाल रेंज में 11 हाथियों के दल के बीच दो नन्हे शावक सुरक्षित घेरे में विचरण करते देखे गए हैं। ड्रोन कैमरे से ली गई इन तस्वीरों में हाथियों का यह परिवार प्राकृतिक सुंदरता के बीच नजर आ रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, हाथियों का यह दल छाल रेंज के कुडेकेला परिसर स्थित गूडाघाट डैम के किनारे घूम रहा था। वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि मादा हाथी अपने शावकों को सुरक्षा प्रदान करते हुए जंगल में आगे बढ़ रही है। जानकारों के मुताबिक, दोनों शावकों की उम्र लगभग 6 महीने के आसपास है। हाथियों के इस व्यवहार से स्पष्ट है कि वे अपने नन्हे सदस्यों की सुरक्षा को लेकर बेहद सतर्क हैं।

वन विभाग और हाथी मित्र दल की टीम इस समूह पर लगातार नजर रख रही है। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए कुडेकेला, बांसाझार और आसपास के गांवों के ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। विभाग ने अपील की है कि ग्रामीण किसी भी कार्य के लिए जंगल की ओर न जाएं। ताजा सूचना के अनुसार, हाथियों का यह दल अब घरघोड़ा रेंज की ओर बढ़ गया है। दल में छोटे शावक होने के कारण वन विभाग की टीम विशेष रूप से निगरानी कर रही है ताकि मानव-हाथी द्वंद्व की स्थिति निर्मित न हो।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *