स्प्रिंगबोर्ड किड्स स्कूल में प्रतिभा की रंगीन शाम,सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा मंच, दर्शकों ने की सराहना,पहला एनुअल डे सेलिब्रेशन 2026 धूमधाम से संपन्न, मुख्य अतिथि अनिल चंद्राकर बोले — “संस्कार और शिक्षा से ही बनता है उज्ज्वल भविष्य”
गरियाबंद, 13 फरवरी 2026।
शहर के प्रतिष्ठित स्प्रिंगबोर्ड किड्स स्कूल, गरियाबंद में शुक्रवार को पहला एनुअल डे सेलिब्रेशन बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। दोपहर 3:30 बजे से प्रारंभ हुए इस सांस्कृतिक समारोह में विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर थे। उनके साथ जिला महामंत्री आशीष शर्मा, जिला मंत्री सुरेंद्र सोनटेके, पार्षद छगन यादव, सूरज सिन्हा, मधु देवांगन एवं पुष्पा साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथि अनिल चंद्राकर ने अपने संबोधन में कहा कि प्रारंभिक शिक्षा ही बच्चों के भविष्य की मजबूत नींव होती है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास, मंच कौशल और सांस्कृतिक समझ विकसित होती है। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का आग्रह किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में वेलकम डांस (साउथ इंडियन), संबलपुरी नृत्य, बॉलीवुड गीतों पर आकर्षक समूह नृत्य, पंजाबी और दक्षिण भारतीय लोकनृत्य प्रस्तुत किए गए। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों की रंग-बिरंगी वेशभूषा और आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियों ने सभागार को तालियों की गूंज से भर दिया। कई प्रस्तुतियों ने सामाजिक संदेश भी दिए, जिन्हें दर्शकों ने सराहा।
जिला महामंत्री आशीष शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार और आत्मविश्वास के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों में छिपी प्रतिभा को पहचानकर उसे मंच देना ही सच्ची शिक्षा है और स्प्रिंगबोर्ड किड्स स्कूल इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है।उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों में नेतृत्व क्षमता, टीम वर्क और अनुशासन की भावना विकसित करते हैं। मंच पर प्रस्तुति देने से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है, जो उनके भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के संचालक इसहाक बाघ ने प्रभावी और उत्साहपूर्ण शैली में किया। उन्होंने विद्यालय की स्थापना, शैक्षणिक उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला। विद्यालय की प्राचार्या दीपिका तिर्की ने वार्षिक गतिविधियों और प्रतियोगिताओं की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों का उल्लेख किया तथा मुख्य अतिथियों, अभिभावकों एवं आमंत्रित जनों का आभार व्यक्त किया।

विद्यालय की शिक्षिकाओं — प्रियंका, मीनाक्षी साहू, पल्लवी साहू सहित संपूर्ण स्टाफ ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बच्चों के अनुशासन, सुरक्षा और मंच संचालन की व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहीं, जिससे कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हुआ।
अभिभावकों की बड़ी उपस्थिति ने समारोह को और भी जीवंत बना दिया। अपने बच्चों को मंच पर आत्मविश्वास से प्रदर्शन करते देख अभिभावक भावुक और गर्वित नजर आए।
समारोह ने यह संदेश दिया कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक और नैतिक मूल्यों का समन्वय ही बच्चों के सर्वांगीण विकास का आधार है। स्प्रिंगबोर्ड किड्स स्कूल का यह पहला एनुअल डे न केवल विद्यार्थियों के लिए यादगार रहा, बल्कि गरियाबंद के शैक्षणिक परिवेश में भी सकारात्मक ऊर्जा का संचार कर गया।