रायपुर में मशीन बेचने के नाम पर 39 लाख रुपये की धोखाधड़ी: आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में ख्यानत का मामला दर्ज

रायपुर। शहर के मौदहापारा इलाके में एक व्यक्ति से निर्माण कार्य में प्रयुक्त होने वाली मशीन बेचने का झांसा देकर लाखों रुपये ठगने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुनानक चौक स्थित हुसैनी प्लाजा निवासी मोहम्मद शाहनवाज ने इमरान नवाब नामक व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

शिकायत के मुताबिक, आरोपी इमरान ने जून 2021 में अपनी एचडीडी (होरिजेंटल डायरेक्शनल ड्रिलिंग) मशीन बेचने का सौदा शाहनवाज से किया था। यह मशीन बिना खुदाई किए भूमिगत पाइप और केबल डालने के काम आती है। इस सौदे के तहत शाहनवाज ने अप्रैल 2024 तक किस्तों में कुल 39 लाख रुपये इमरान को दिए। आरोप है कि पूरी रकम प्राप्त करने के बाद भी इमरान ने न तो मशीन शाहनवाज को सौंपी और न ही उसके पैसे वापस किए।

पीड़ित शाहनवाज ने लगभग एक साल तक अपनी रकम और मशीन का इंतजार किया, लेकिन आरोपी द्वारा टालमटोल किए जाने और धमकी देने के बाद अंततः पुलिस की शरण ली। मौदहापारा पुलिस ने शाहनवाज की शिकायत पर आरोपी इमरान नवाब के खिलाफ धारा 420 (धोखाधड़ी), 406 (अमानत में ख्यानत) और 506 (धमकाना) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *