भानुप्रतापपुर सहित ग्रामीण अंचलों में रंग पंचमी की धूम: गुलाल और लोकधुनों के बीच भाईचारे के साथ मनाया गया रंगों का उत्सव

भानुप्रतापपुर।
होली पर्व के बाद मनाए जाने वाले रंगों के विशेष उत्सव रंग पंचमी को इस वर्ष भी नगर सहित ग्रामीण अंचलों में बड़े ही उत्साह, उमंग और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। रविवार को भानुप्रतापपुर नगर के शंकर नगर, बिजली ऑफिस क्षेत्र सहित आसपास के मोहल्लों और गांवों में सुबह से ही रंगों की धूम देखने को मिली।
सुबह होते ही नगर के चौक-चौराहों, गलियों और मोहल्लों में लोग घरों से निकलकर रंग और गुलाल के साथ उत्सव में शामिल हो गए। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं देते नजर आए। ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर युवाओं की टोलियां नाचते-गाते हुए पूरे क्षेत्र में घूमती रहीं, जिससे पूरा वातावरण रंगों और उत्साह से सराबोर हो गया।
नगर के कई स्थानों पर युवाओं और स्थानीय लोगों द्वारा सामूहिक रूप से रंग खेला गया। पारंपरिक गीतों और लोकधुनों के बीच लोगों ने नृत्य करते हुए रंग पंचमी के इस पर्व का आनंद लिया। लोग एक-दूसरे के घर पहुंचकर गुलाल लगाते हुए गले मिले और आपसी भाईचारे तथा प्रेम का संदेश दिया।
वहीं ग्रामीण अंचलों में भी रंग पंचमी को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। गांवों में लोग पारंपरिक ढंग से रंग खेलते हुए एक-दूसरे के घर जाकर बधाई देते रहे। बच्चों और युवाओं में खास उत्साह दिखाई दिया और दिनभर गांवों में उत्सव का माहौल बना रहा।
रंग पंचमी का यह पर्व सामाजिक सद्भाव, प्रेम और भाईचारे का प्रतीक माना जाता है। कांकेर जिले में हर वर्ष की तरह इस बार भी यह पर्व पूरे हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया गया, जिससे नगर और ग्रामीण क्षेत्र पूरी तरह रंगमय हो उठे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *