ट्रक की ठोकर से अग्रसेन चौक क्षतिग्रस्त अस्थायी तौर पर दूसरी मूर्ति लगाई गई

आज की जनाधारा ” द्वारा 4 माह पूर्व ही समाचार प्रकाशित कर सुझाव दिया गया था
दिलीप गुप्ता
सरायपाली – होलिका दहन की रात्रि अग्रसेन चौक में स्थापित भगवान अग्रसेन जी की मूर्ति को एक ट्रक चालक द्वारा टक्कर मार दिये जाने से वह अपने स्थान से खसक गई थी सौभाग्य से मूर्ति को कोई नुकसान नहीं हुआ था । दूसरे दिन शाम को समाज द्वारा अस्थायी तौर पर दूसरी मूर्ति स्थापित कर दी गई है ।
होलिका दहन की रात्रि लगभग 4 बजे के आसपास सुबह सुबह झिलमिला की तरफ से आ रही ट्रक थाना की तरफ मुड़ रही थी इसी दौरान ट्रक के किनारे से पिलर को ठोकर लगने से स्तंभ अपने स्थान से लगभग 3 फिट दूर नीचे से खिसक गया था । दूसरे दिन सुबह पता चला कि यह चौक जमीन से किनारे खसक गया है । सुबह जैसे ही पता चला अग्रवाल समाज व नगरवासियों की भीड़ लग गई । सौभाग्य से मूर्ति क्षतिग्रस्त नहीं हुई है ।


अग्रसेन चौक में यह मूर्ति पिछले कई वर्षों से स्थापित की गई है । कल बीती रात लगभग एक बजे तक होलिका दहन के कारण नगर में चहल पहल थी । तब तक मूर्ति सही सलामत थी । उसके बाद ही इस चौक को किसी वाहन के टकराने की आशंका जताई थी । सुबह जब भीड़ एकत्र हुई तो लोग अलग अलग आशंकाएं व्यक्त कर रहे थे । कुछ लोगों का कहना है कि यह किसी की जानबूझकर की गई बदमाशी है । माहौल खराब न हो इसलिए मूर्ति को खंडित या नुकसान नहीं पहुंचाया गया है । होली की वजह से आसपास की सभी दुकानें बंद होने के कारण इन दुकानों में लगे सीसीटीवी को खंगाला नहीं जा सका । किंतु सुबह आशंकाओं को विराम लगा व पता चला कि ट्रक की ठोकर से यह हादसा हुआ है ।
टीआई नितेश ठाकुर द्वारा जांच किए जाने पर ट्रक को खोज निकाला गया । ट्रक चालक ने जगह कम होने की वजह से टकराने की बात स्वीकार की जिसे बाद में छोड़ दिया गया । शाम को जेसीबी के माध्यम से पूर्व में स्थापित दूसरी मूर्ति को स्थापित किया गया है ।


ज्ञातव्य हो कि यह चौक गौरव पथ निर्माण के पूर्व स्थापित है । नगर में अब गौरव पथ निर्माण हो जाने से यह चौक अब सड़क किनारे आ गया है । अग्रसेन चौक तिराहा में स्थित है । सरसीवा मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों ट्रकों व अन्य वाहनों का प्रतिदिन आवागमन बने रहता है । चौक की वजह से अब यह चौक सकरा हो गया है । भारी वाहनों को मोड़ने में काफी परेशानियों का सामना चालकों को करना पड़ता है । जिसकी वजह से आवागमन व भारी वाहनों के आने जाने में दिक्कतें आ रही है ।
इस संबंध में विगत 12/11/2025 को आज की जनधारा द्वारा दूसरे सुरक्षित स्थान पर ससम्मान मूर्ति स्थापित किए जाने का सुझाव दिया गया था । वहीं अग्रवाल समाज के कुछ सदस्यों व सीएमओ दिनेश यादव को भी समाज की बैठक लेकर समस्या के समाधान के लिए पहल किए जाने का अनुरोध किया गया था । किंतु किन्हीं कारणवश बात आगे नहीं बढ़ पाई ।


समाचार व कुछ सामाजिक सदस्यों को निजी तौर पर सुझाव दिया गया था कि मंदिर स्कूल के सामने बने डिवाइडर में ऊंचे स्थान पर मूर्ति स्थापित की जा सकती है । यहां मूर्ति की सुरक्षित रहने की भी संभावना बनी रहेगी । वर्तमान स्थान से चौक हटने के बाद भारी वाहनों के आवागमन के लिए भी काफी जगह खुल जाने से सुरक्षित व व्यवस्थित आगमन हो सकेगा ।
इस संबंध में अग्रवाल समाज , स्थानीय प्रशासन व नगरपालिका को आपस में बैठकर आने वाले समय में दोबारा इस तरह नुकसान को रोकने हेतु विचार विमर्श कर आपसी सहमति से बेहतर व सुरक्षित यातायात व आवागमन को देखते हुवे सुरक्षित स्थानों का चयन कर ससम्मान श्री अग्रसेन जी की मूर्ति स्थापित किए जाने हेतु पहल व प्रयास किया जाना चाहिए । यह नगर में सुगम व सुरक्षित यातायात के लिए नगर हित के लिए आवश्यक है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *