रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी का पॉश इलाका माना जाने वाला वीआईपी रोड सोमवार को उस वक्त थर्रा उठा, जब एक मशहूर कैफे के बाहर दिनदहाड़े चाकूबाजी की वारदात हुई। पुरानी रंजिश के चलते 10वीं कक्षा के एक छात्र पर जानलेवा हमला किया गया है। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। घायल किशोर को लहूलुहान हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
दोस्त ने ही रची साजिश, लोकेशन भेजकर बुलाए हमलावर
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्र अपने एक दोस्त के साथ वीआईपी रोड स्थित ‘नुक्कड़ कैफे’ गया था। पुलिस को संदेह है कि छात्र के साथ मौजूद दोस्त ने ही इस पूरी वारदात की मुखबिरी की थी। बताया जा रहा है कि दोस्त ने ही आरोपियों को छात्र की लाइव लोकेशन भेजी और उन्हें कैफे के पास बुलाया। जैसे ही छात्र कैफे से बाहर निकला, पहले से घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उसे घेर लिया।
पुरानी रंजिश में दिया वारदात को अंजाम
पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपियों और पीड़ित के बीच पुराना विवाद चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कैफे के पास पहुंचते ही आरोपी ओम चौधरी, हिमांशु यादव और प्रकाश साहू ने छात्र के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने चाकू निकालकर छात्र के पेट और पीठ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमला इतना भीषण था कि छात्र मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया और कैफे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है और उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही, पीड़ित के उस दोस्त से भी पूछताछ की जा रही है, जिसने लोकेशन भेजकर हमलावरों को बुलाया था।
राजधानी के सुरक्षित माने जाने वाले वीआईपी रोड पर इस तरह की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।