होली से पहले किसानों को बड़ी सौगात: 10,324 करोड़ रुपए खातों में अंतरित, 263.17 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड के रहंगी में आयोजित कृषक उन्नति योजना के आदान सहायता राशि वितरण समारोह एवं किसान सम्मेलन में प्रदेश के 25.28 लाख किसानों के खातों में 10,324 करोड़ रुपए से अधिक की राशि अंतरित की। इनमें बिलासपुर जिले के 1,25,352 किसानों को 494.38 करोड़ रुपए मिले।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान 15.99 करोड़ रुपए की लागत से पूर्ण 7 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 247.18 करोड़ रुपए की लागत के 82 कार्यों का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में अतिथियों का पारंपरिक खुमरी और नांगर भेंटकर स्वागत किया गया।

किसानों के सम्मान का दिन: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि होली से पहले किसानों को आर्थिक संबल देने के उद्देश्य से यह राशि जारी की गई है, ताकि किसान परिवार त्योहार हर्षोल्लास से मना सकें। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 25 लाख से अधिक किसानों ने धान बेचा है और सरकार द्वारा शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण सुविधा, किसान क्रेडिट कार्ड, खाद पर सब्सिडी और सिंचाई विस्तार जैसे कदम उठाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि भूमिहीन कृषि मजदूरों को भी सहायता दी जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किसानों को 6,000 रुपए सम्मान निधि प्रदान की जा रही है। राज्य बजट में कृषि क्षेत्र के लिए 13,000 करोड़ रुपए से अधिक का प्रावधान किया गया है।

विकास और घोषणाएं

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने चकरभाटा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नयन, मंगला माध्यमिक शाला को हाई स्कूल में अपग्रेड करने और रहंगी खेल मैदान में बाउंड्रीवॉल व स्टेज निर्माण की घोषणा की। साथ ही सतनामी समाज एवं आदिवासी समाज के सामुदायिक भवनों के लिए 50-50 लाख रुपए देने की भी घोषणा की।

किसानों से सीधा संवाद

मुख्यमंत्री ने वर्चुअल संवाद के माध्यम से विभिन्न जिलों के किसानों से बातचीत की। हितग्राहियों ने खातों में राशि मिलने पर आभार जताया और बताया कि इससे उन्हें खेती व पारिवारिक जरूरतों में सहायता मिलेगी।

कृषि मंत्री ने किया फसल विविधीकरण पर जोर

कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने कहा कि कृषक उन्नति योजना किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने किसानों को दलहन-तिलहन उत्पादन और मिश्रित खेती अपनाने की सलाह दी।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में किसानों की उपस्थिति रही। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी निरीक्षण किया और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *