कोरिया, 28 फरवरी, 2026/ कार्यपालन अभियंता, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, खण्ड बैकुण्ठपुर के निर्देशानुसार 26 फरवरी 2026 को विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विकासखण्ड सोनहत के ग्राम भुईहारीपारा एवं ग्राम रजौली में ग्रामवासियों की उपस्थिति में पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान ग्राम भुईहारीपारा के पण्डोपारा, वार्ड क्रमांक 20 में कुल 12 घरों में पेयजल व्यवस्था की जांच की गई। यहां दो हैण्डपम्प स्थापित हैं, जिनमें से एक में ग्राम पंचायत द्वारा सिंगल फेस सबमर्सिबल पंप स्थापित किया गया है, जो चालू स्थिति में है, तथा दूसरा हैण्डपम्प भी सुचारु रूप से कार्यरत है। ग्रामवासियों ने बताया कि वर्तमान में पेयजल के लिए उपलब्ध नलकूप पर्याप्त है।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम में पाइप लाइन विस्तार, घरेलू चबूतरा निर्माण तथा आर.सी.सी. टंकी निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है।
भुईहारीपारा कटगोडी समूह जलप्रदाय योजना में शामिल है, जिसकी पूर्णता के पश्चात सभी घरों में घरेलू नल कनेक्शन के माध्यम से जलप्रदाय किया जाएगा। वर्तमान में ग्राम में किसी भी प्रकार की गंभीर पेयजल समस्या नहीं पाई गई तथा ग्रामीणों को अन्य स्रोतों से पानी लाने की आवश्यकता नहीं है। इसी प्रकार ग्राम रजौली के पण्डोपारा में कुल 22 घरों में पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। यहां तीन हैण्डपम्प स्थापित हैं, जो सभी चालू स्थिति में पाए गए। साथ ही जल जीवन मिशन के अंतर्गत सोलर आधारित योजना के माध्यम से सभी घरों में नियमित जलप्रदाय किया जा रहा है।
निरीक्षण प्रतिवेदन के अनुसार दोनों ग्रामों में पेयजल व्यवस्था संतोषजनक पाई गई तथा वर्तमान में किसी भी प्रकार की गंभीर समस्या परिलक्षित नहीं हुई।