भोपाल। राजधानी के तलैया थाना क्षेत्र स्थित चटाईपुरा बुधवारा में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मस्जिद कलंदर शाह परिसर में गैस किट की दुकान चलाने वाले रिजवान खान के गल्ले से अज्ञात बदमाश ने हजारों रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
फरियादी रिजवान खान ने पुलिस को बताया कि 26 फरवरी की शाम करीब 5:00 बजे वह अपनी दुकान खुली छोड़कर पास ही स्थित मस्जिद में नमाज पढ़ने गए थे। उस दौरान दुकान पर कोई मौजूद नहीं था। महज 15 मिनट बाद जब वह वापस लौटे, तो गल्ले की पड़ताल करने पर उसमें रखे 8,600 रुपये गायब मिले। अचानक हुई इस चोरी से इलाके में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध युवक दुकान के अंदर प्रवेश कर गल्ले से पैसे निकालकर तेजी से भागता हुआ नजर आया है। तलैया थाना पुलिस ने चोरी की धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कार्यवाहक प्रधान आरक्षक चंद्रकांत शर्मा को मामले की जांच सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि हुलिए के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।