जिलास्तरीय परामर्शदात्री समिति की बैठक संपन्न
कोरिया, 25 फरवरी 2026/ कलेक्ट्रेट सभाकक्ष, बैकुंठपुर में कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी की अध्यक्षता व जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ आशुतोष चतुर्वेदी की उपस्थिति में समन्वय एवं जिला परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासकीय योजनाओं के अंतर्गत बैंक ऋण स्वीकृति एवं वितरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए।
बैठक में नाबार्ड के डीडीएम श्री हर्ष गौरव, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया से सतेन्द्र कुमार राठौर, भारतीय स्टेट बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया सहित जिले के विभिन्न शासकीय एवं निजी बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अग्रणी जिला प्रबंधक श्री शशि भूषण पाठक ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की द्वितीय तिमाही की उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत की।
कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने सभी बैंकों को वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित करने तथा हितग्राहियों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में प्रगति की समीक्षा करते हुए अटल पेंशन योजना में लक्ष्य के विरुद्ध 123 प्रतिशत उपलब्धि की जानकारी दी गई।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, कृषि ऋण, प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना, एनआरएलएम, पीएमएफएमई, प्राथमिकता क्षेत्र ऋण, डेयरी एवं स्वरोजगार योजनाओं सहित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने लंबित ऋण प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण कर योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने कहा पात्र हितग्राहियों को समय पर ऋण मिले, सरकार की योजनाओं का लाभ मिले इसके लिए व्यक्तिगत रुचि लेकर लाभान्वित करें। उन्होंने कहा विभागों से प्राप्त प्रकरणों का निराकरण समय पर हो, इसके लिए सतत कार्य करें।
नाबार्ड द्वारा अगले वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिये 520.60 करोड़ का लक्ष्य रखा गया है। बैठक के दौरान नाबार्ड द्वारा वर्ष 2026-27 के संभाव्यता युक्त ऋण लक्ष्य दस्तावेज का विमोचन भी किया गया। बैठक में विभिन्न बैंकों के प्रबंधक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।