मेरठ में भीषण अग्निकांड: कपड़ा कारोबारी के घर में आग लगने से 6 की मौत, 5 बच्चे शामिल

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में बीती रात एक रूह कपा देने वाली घटना सामने आई है। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के किदवई नगर इस्लामाबाद में एक कपड़ा कारोबारी के तीन मंजिला मकान में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला और 5 मासूम बच्चों समेत कुल 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं, 2 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नमाज पढ़ने गए थे पुरुष, पीछे से हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, कपड़ा कारोबारी इकबाल अहमद घटना के समय अपने बेटों के साथ नमाज पढ़ने गए थे। इसी दौरान घर में अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरी इमारत आग की लपटों से घिर गई। घर के भीतर मौजूद महिलाओं और बच्चों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन इलाका बेहद भीड़भाड़ वाला और गलियां संकरी होने के कारण दमकल की गाड़ियां घर तक नहीं पहुंच पाईं।

पड़ोसियों ने दिखाई बहादुरी दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद पड़ोसी मकानों की छतों से दाखिल होकर घर में फंसे लोगों को बाहर निकाला। जब तक उन्हें अस्पताल ले जाया गया, तब तक 6 लोग दम तोड़ चुके थे। मृतकों की पहचान रुखसार (30), अकदस (3), नबिया (6 माह), इनायत (6 माह), महविश (12) और हम्माद (4) के रूप में हुई है।

शॉर्ट सर्किट हो सकती है वजह शुरुआती जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। इस भीषण हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *