परिवहन घोटाले पर हेमंत कटारे का बड़ा खुलासा: RTO कांड के ‘जिन्न’ ने फिर बढ़ाई सियासी सरगर्मी

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में बहुचर्चित आरटीओ (RTO) के पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा से जुड़े करोड़ों के कैश और सोना मामले का जिन्न एक बार फिर बाहर आ गया है। इस मामले को लेकर कांग्रेस विधायक और पूर्व उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की है। हेमंत कटारे ने अपने ट्वीट के जरिए परिवहन घोटाले को लेकर कई सनसनीखेज खुलासे किए हैं।

“कमाई के नए स्रोत” खुलने की चर्चाएं शुरू हेमंत कटारे ने लिखा कि मध्यप्रदेश की धरती पर कॉन्स्टेबल सौरभ शर्मा के पास से करोड़ों की नकदी और भारी मात्रा में सोना-चांदी पकड़ा गया था। पूरे प्रदेश को हिला देने वाले इस प्रकरण में कई नाम सामने आए थे, जिनमें एक नाम वीरेश तुमराम का भी था। गंभीर सवाल यह है कि घटना के बाद वीरेश तुमराम लगभग 6 महीने तक बिना विभाग को सूचित किए बाहर रहे। तत्कालीन ट्रांसपोर्ट कमिश्नर ने उनकी छुट्टियां मंजूर नहीं की थीं। फिर अचानक नए ट्रांसपोर्ट कमिश्नर के आते ही विभाग में “कमाई के नए स्रोत” खुलने की चर्चाएं शुरू हो गईं और उनकी लंबित छुट्टियां भी स्वीकृत कर दी गईं!

किस अधिकारी के दबाव में छुट्टियां हुईं मंजूर? हेमंत कटारे ने सवाल उठाया है कि आखिर उस जांच का निष्कर्ष क्या निकला? सौरभ शर्मा के साथ जुड़े और ट्रांसपोर्ट विभाग चलाने के आरोप झेल रहे लोगों पर क्या कार्रवाई हुई? वीरेश तुमराम की छुट्टियां किस अधिकारी के संदर्भ से और किस दबाव में स्वीकृत की गईं? इन सवालों ने एक बार फिर प्रदेश की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *