कोरिया 22 फरवरी, 2026/
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा 2025 रविवार को बैकुण्ठपुर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
परीक्षा शासकीय रामानुज प्रताप सिंहदेव स्नातकोत्तर महाविद्यालय, शासकीय मॉडल रामानुज हायर सेकेंडरी स्कूल तथा शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय में आयोजित की गई। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक एवं द्वितीय पाली दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक आयोजित हुई।
तीनों केंद्रों के लिए कुल 1085 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। प्रथम पाली में 823 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 262 अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में 272 अभ्यर्थी अनुपस्थित दर्ज किए गए।
कलेक्टर चंदन त्रिपाठी ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। परीक्षा के दौरान सुरक्षा एवं गोपनीयता के आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए गए थे।