रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 131वें एपिसोड को सुना। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और मंत्रिमंडल के कई सदस्य भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि मन की बात देशवासियों को सकारात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने वाला एक सशक्त माध्यम बन चुका है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में भारत की बढ़ती शक्ति का उल्लेख किया है। दिल्ली में हुए ग्लोबल एआई इम्पैक्ट समिट और तीन नए मेड इन इंडिया एआई मॉडल का लॉन्च होना देश की तकनीकी क्षमता का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ भी स्टार्टअप और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के जरिए इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। कृषि क्षेत्र की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का दुनिया का सबसे बड़ा चावल उत्पादक बनना गर्व की बात है, जिसमें छत्तीसगढ़ के किसानों का भी बड़ा योगदान है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री द्वारा साझा किए गए केरल की 10 माह की मासूम बच्ची के अंगदान के फैसले को मानवता की बड़ी मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे फैसले समाज को नई दिशा और दूसरों को जीवन देने के लिए प्रेरित करते हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के उस संदेश का भी जिक्र किया जिसमें उन्होंने डिजिटल फ्रॉड और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से बचने की सलाह दी है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक तकनीक का तालमेल ही विकसित भारत की पहचान है। प्रधानमंत्री ने टी-20 विश्व कप में भारतीय मूल के खिलाड़ियों की उपलब्धि और आगामी त्योहारों होली व रमजान की शुभकामनाओं के साथ वोकल फॉर लोकल का जो संदेश दिया है, वह आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूत करेगा। मुख्यमंत्री ने इसे एक ऐसा कार्यक्रम बताया जो समाज की छोटी-बड़ी उपलब्धियों को राष्ट्रीय पहचान दिलाता है।