दुर्ग-भिलाई। होली के त्योहार से पहले दुर्ग पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया है। पुलिस ने इंस्टाग्राम और फेसबुक पर तलवार, चाकू और अन्य धारदार हथियारों के साथ फोटो-वीडियो साझा करने वाले 27 युवकों की पहचान कर उन पर कानूनी कार्रवाई की है। इनमें से दो आरोपियों के खिलाफ छावनी थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है, जबकि अन्य के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कदम उठाए गए हैं।
पुलिस की तकनीकी सेल और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के जरिए ऐसे अकाउंट्स की पहचान की, जिनमें युवक ऑनलाइन मंगाए गए हथियारों के साथ रील्स अपलोड कर रहे थे। जांच में पाया गया कि कई युवकों ने आगामी त्योहार से पहले अपना प्रभाव जमाने के उद्देश्य से ऐसी पोस्ट की थीं। पुलिस ने डिजिटल ट्रेसिंग के माध्यम से इन आरोपियों की लोकेशन ट्रैक की और संबंधित थानों की मदद से उन्हें पकड़ा।
छावनी थाना क्षेत्र में दो युवकों से धारदार हथियार बरामद कर उनके विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। इसके अलावा पुलिस ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 300 युवकों और उनके परिजनों को थाने बुलाकर कड़ी समझाइश दी। पुलिस ने अभिभावकों को बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखने की सलाह दी और नाबालिगों द्वारा पोस्ट की गई आपत्तिजनक सामग्री को हटवाया।
कार्रवाई के दौरान सबसे अधिक 6 मामले छावनी थाना क्षेत्र में पाए गए। इसके अतिरिक्त मोहन नगर, जामुल, दुर्ग कोतवाली और सुपेला सहित अन्य थानों में भी कार्रवाई की गई। एएसपी ग्रामीण मणिशंकर चंद्रा ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अवैध हथियार रखने या सोशल मीडिया पर उनका प्रदर्शन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि त्योहार की आड़ में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश पर पुलिस की पैनी नजर है।