अनोखा नियम: बालोद के इस गांव में चुगली की तो लगेगा 5001 रुपये जुर्माना

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के ग्राम मेढ़की में सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए ग्रामीणों ने एक अनूठा निर्णय लिया है। गांव में आपसी विवाद और तनाव को रोकने के लिए अब चुगली करने वालों पर पांच हजार एक रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। ग्रामीणों ने सामूहिक बैठक कर सर्वसम्मति से यह फैसला लिया है कि यदि कोई व्यक्ति एक-दूसरे की बातों को इधर-उधर कर भड़काने का काम करता है, तो उसे आर्थिक दंड देना होगा।

ग्रामीणों के अनुसार, गांव में कुछ लोग छोटी-छोटी बातों को लेकर आपस में मनमुटाव पैदा कर रहे थे। एक-दूसरे के खिलाफ भड़काऊ बातें करने और चुगलीबाजी की वजह से गांव का माहौल खराब हो रहा था। इस स्थिति को सुधारने और आपसी भाईचारा बढ़ाने के लिए ग्रामीणों ने कड़े नियम लागू करने का निर्णय लिया है।

चुगलीबाजी के साथ ही नशे की आदत पर अंकुश लगाने के लिए भी नियम बनाया गया है। अब गांव में किसी भी सामाजिक या धार्मिक भोज के दौरान यदि कोई व्यक्ति शराब का सेवन कर पहुंचता है, तो उस पर भी पांच हजार एक रुपये का दंड लगाया जाएगा। ग्रामीणों का मानना है कि नशा करने के बाद अक्सर लोग विवाद करते हैं और अभद्र टिप्पणी करते हैं, जिससे शांति भंग होती है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस कठोर निर्णय का उद्देश्य गांव में शांति और सुरक्षा का वातावरण निर्मित करना है। इस सामूहिक पहल की पूरे क्षेत्र में चर्चा हो रही है और माना जा रहा है कि इससे गांव के सामाजिक परिवेश में सकारात्मक बदलाव आएगा।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *