सबलगढ़ नगर पालिका में EOW की रेड : टीम को देखते ही दफ्तर में लगा ताला, अध्यक्ष और CMO समेत पूरा स्टाफ फरार

मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) की टीम को देखते ही पूरी नगर पालिका खाली हो गई। सबलगढ़ नगर पालिका परिषद में वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत पर जांच करने पहुँची ईओडब्ल्यू की टीम को देखकर हड़कंप मच गया। स्थिति ऐसी बनी कि टीम के कदम रखते ही अध्यक्ष, सीएमओ (CMO) और तमाम कर्मचारी अपनी-अपनी अलमारियों में ताला लगाकर दफ्तर से भाग खड़े हुए।

पार्षदों ने की थी करोड़ों के खेल की शिकायत

जानकारी के अनुसार, सबलगढ़ नगर पालिका में पिछले लंबे समय से बजट के गलत इस्तेमाल और वित्तीय गड़बड़ियों की खबरें सामने आ रही थीं। पार्षद मोहन पचौरी ने इस संबंध में ईओडब्ल्यू में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी। इसी शिकायत के आधार पर दस्तावेजों की जांच और साक्ष्य जुटाने के लिए टीम शनिवार को अचानक सबलगढ़ पहुँची थी।

4 घंटे तक टीम करती रही इंतजार, खाली हाथ लौटी

जैसे ही ईओडब्ल्यू की टीम नगर पालिका कार्यालय के गेट पर पहुँची, वहां मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। कार्रवाई के डर से नगर पालिका अध्यक्ष और सीएमओ अपनी कुर्सियां छोड़कर दफ्तर से निकल गए। उनके पीछे-पीछे अन्य कर्मचारी भी अलमारियों में जरूरी फाइलें बंद कर गायब हो गए।

टीम ने करीब 4 से 5 घंटे तक कार्यालय में इंतजार किया कि शायद कोई जिम्मेदार अधिकारी वापस आए और जांच में सहयोग करे, लेकिन दफ्तर में सन्नाटा पसरा रहा। अंत में कोई भी रिकॉर्ड हाथ न लगने और कर्मचारियों के न लौटने पर ईओडब्ल्यू की टीम को खाली हाथ वापस जाना पड़ा। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह जांच से भागना संदेह को और पुख्ता करता है और जल्द ही इस मामले में सख्त रुख अपनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *