रमेश गुप्ता दुर्ग.। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस दुर्ग ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-53 (दुर्ग–रायपुर मार्ग) के चिन्हित ग्रे एवं ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त निगरानी रखते हुए 52 चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, इंटरसेप्टर वाहन के माध्यम से स्पीड गन एवं कैमरा उपकरण लगाकर वाहनों की गति की जांच की गई। निर्धारित गति सीमा से अधिक गति से वाहन चलाते पाए जाने पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 112/183(1A) के तहत कुल 52 प्रकरण दर्ज कर चालान किया गया।
जो वाहन चालक मौके पर नहीं रुके, उनके विरुद्ध ई-चालान प्रणाली के माध्यम से वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि ओवरस्पीडिंग और रैश ड्राइविंग सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है, विशेषकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिन्हित दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) पर।

इंटरसेप्टर टीम की सक्रिय भूमिका
अभियान के दौरान यातायात प्रभारी के निर्देशन में इंटरसेप्टर टीम ने सतत निगरानी रखी और तकनीकी उपकरणों की सहायता से प्रभावी प्रवर्तन सुनिश्चित किया।
एडिशनल SP मिश्रा ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें, लापरवाहीपूर्ण एवं तेज रफ्तार वाहन चलाने से बचें तथा यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।