कांकेर। जिले में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने भालू के हमले में गंभीर रूप से घायल एक किशोर की जान बचाकर मानवता की मिसाल पेश की है। बीएसएफ की 129वीं बटालियन के जवानों ने सूचना मिलते ही घायल ग्रामीण को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई और अस्पताल पहुंचाया।
बीएसएफ से मिली जानकारी के अनुसार, दरवेकोर के पास जंगल में एक किशोर पर भालू ने अचानक हमला कर दिया था। घटना की जानकारी मिलते ही जवानों ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। बीएसएफ की मेडिकल टीम ने सबसे पहले घायल किशोर को प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) दिया ताकि रक्तस्राव को रोका जा सके।
इसके बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बल की एम्बुलेंस से तत्काल बेहतर उपचार के लिए नारायणपुर जिला अस्पताल ले जाया गया। समय पर इलाज मिलने के कारण घायल युवक की स्थिति अब स्थिर है और वह विशेषज्ञों की देखरेख में स्वास्थ्य लाभ ले रहा है।
बीएसएफ अधिकारियों ने कहा कि सीमा की सुरक्षा के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों की मदद और उनकी जान बचाना हमारी प्राथमिकता है। बल हर परिस्थिति में स्थानीय समुदाय के साथ खड़ा है। स्थानीय ग्रामीणों ने बीएसएफ के इस त्वरित सहयोग और मानवीय संवदेना की सराहना की है।