बलौदाबाजार। कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर जिले में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने गुरुवार को भाटापारा के खोखली स्थित अविनाश इंडस्ट्रीज पर बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने पर विभाग ने फर्म का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
अभिहित अधिकारी अक्षय कुमार सोनी ने जानकारी दी कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए इस फैक्ट्री का निरीक्षण किया गया था। जांच के दौरान पाया गया कि फैक्ट्री में कर्मचारी बिना मास्क, हेडकवर और ग्लव्स के बेहद अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में पोहे का निर्माण कर रहे थे। इसके अलावा फर्म के पास कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण से जुड़े दस्तावेज और पेस्ट कंट्रोल के उचित इंतजाम भी नहीं मिले।
कार्यवाही के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने नायलॉन पोहे का नमूना लेकर उसे जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेज दिया है। फर्म को सुधारात्मक नोटिस जारी करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि लाइसेंस बहाली और व्यवस्थाओं में सुधार के बिना फैक्ट्री का संचालन नहीं किया जा सकेगा। विभाग का कहना है कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद फर्म के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।