खरोरा में शांतिपूर्ण माहौल में प्रारंभ हुई बोर्ड परीक्षाएं, केंद्र क्रमांक 181131 पर उत्कृष्ट व्यवस्थाएं

खरोरा, 20 फरवरी :- छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाओं के अंतर्गत परीक्षा केंद्र क्रमांक 181131, पीएम श्री भरत देवांगन शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी अंग्रेज़ी माध्यम विद्यालय खरोरा में 20 फरवरी से कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा विधिवत प्रारंभ हो गई। प्रथम दिवस भूगोल एवं भौतिकी विषय का प्रश्नपत्र संपन्न हुआ। जिसमें 161 विद्यार्थियों ने इस केंद्र में परीक्षा दिया, जिसमें 01 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षार्थियों ने प्रश्नपत्र को संतुलित एवं अपेक्षानुसार बताया तथा आत्मविश्वास के साथ उत्तर लेखन किया।


इस केंद्र में हायर सेकेंडरी स्कूल पचरी, मोहरेंगा, बेलदार सिवनी के साथ ही सरस्वती शिशु मंदिर खरोरा एवं हेल्पिंग हैंड अंग्रेजी स्कूल के विद्यार्थी परीक्षा देने पहुंचे। केंद्र पर सभी परीक्षार्थियों के लिए सुव्यवस्थित बैठक व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। परीक्षा शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुई।


इसी क्रम में 21 फरवरी से कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा भी प्रारंभ होगी, जिसमें कुल 325 विद्यार्थी सम्मिलित होंगे। कक्षा 10वीं के लिए पचरी, मोहरेंगा, बेलदार सिवनी, सरस्वती शिशु मंदिर, मां शारदा, इल्दा, मांठ, ज्ञान ज्योति, हाली हार्ट तथा हेल्पिंग हैंड अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के छात्र-छात्राएं इस केंद्र में परीक्षा देंगे।
केंद्राध्यक्ष रजनी मिंज ने बताया कि परीक्षा संचालन हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। प्रश्नपत्रों की गोपनीयता, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी एवं प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शांत एवं सकारात्मक वातावरण प्रदान करना प्राथमिकता है, जिससे वे निर्भीक होकर परीक्षा दे सकें।
स्थानीय प्रशासन के सहयोग से केंद्र में अनुशासन एवं पारदर्शिता के साथ परीक्षा प्रक्रिया संचालित की जा रही है। परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों में भी केंद्र की व्यवस्थाओं को लेकर संतोष देखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *