सिवनी की धनुश्री चौहान बनीं फेमिना मिस इंडिया मध्यप्रदेश 2026, भोपाल में हुआ ऐतिहासिक आयोजन

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक ऐतिहासिक पल देखने को मिला, जब 60 वर्ष पुराने प्रतिष्ठित फेमिना मिस इंडिया ब्रांड का पहला स्टेट ग्रैंड फिनाले यहां आयोजित किया गया। मिंटो हॉल में आयोजित फेमिना मिस इंडिया मध्यप्रदेश 2026 के इस ग्रैंड फिनाले में प्रदेश भर की 16 प्रतिभागियों ने ताज के लिए कड़ा मुकाबला किया। इस प्रतियोगिता में सिवनी जिले की धनुश्री चौहान ने विजेता का खिताब अपने नाम कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।

धनुश्री ने अपनी प्रतिभा, बुद्धिमानी और आत्मविश्वास से निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। अब वह राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले फेमिना मिस इंडिया 2026 में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी, जहां उनका मुकाबला देश के अन्य राज्यों की विजेताओं से होगा। इस विशेष समारोह में फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2024 निकिता पोरवाल ने नई विजेता धनुश्री को ताज पहनाया।

पर्यावरण संरक्षण पर आधारित रहा आयोजन

इस ग्रैंड फिनाले की सबसे बड़ी विशेषता इसकी थीम रही। पूरा कार्यक्रम पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाते हुए जीरो वेस्ट सिद्धांत पर आधारित था। यह फेमिना ब्रांड की एक नई पहल है, जिसमें आयोजन को सस्टेनेबिलिटी-फर्स्ट और जीरो-वेस्ट इवेंट के रूप में संपन्न किया गया। प्रतियोगिता की शुरुआत में प्रदेश भर से 150 से अधिक युवतियों ने हिस्सा लिया था, जिनमें से कड़ी चयन प्रक्रिया के बाद टॉप 16 फाइनलिस्ट्स चुनी गई थीं।

धनुश्री चौहान की यह उपलब्धि मध्यप्रदेश की अन्य युवतियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है। उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत और समर्पण से साबित किया कि आत्मविश्वास के बल पर राष्ट्रीय मंच तक पहुंचा जा सकता है। यह आयोजन राज्य की प्रतिभाओं को अपनी पहचान बनाने के लिए एक नया और सशक्त मंच प्रदान करने में सफल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *