कोरिया। जिले के सोनहत वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने अवैध लकड़ी तस्करी के विरुद्ध एक बड़ी सफलता हासिल की है। विभाग की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए एक झारखंड नंबर के ट्रक को भारी मात्रा में कीमती लकड़ियों के साथ जब्त किया है। बरामद लकड़ी की बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 7 से 8 लाख रुपये बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, सोनहत वन विभाग को मुखबिर से पुख्ता जानकारी मिली थी कि एक ट्रक (झारखंड पासिंग) के जरिए कीमती लकड़ियों की तस्करी कर उसे जिले से बाहर ले जाने की योजना है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वन मंडल के उच्च अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया।
वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोनहत के बेलिया जंगल क्षेत्र में सामरिक रूप से नाकेबंदी कर दी। कुछ ही समय बाद, बताए गए हुलिये का एक ट्रक आता हुआ दिखाई दिया। वन विभाग की टीम को देखते ही चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी सख्त होने के कारण उसे ट्रक रोकना पड़ा।
जैसे ही वन अधिकारियों ने ट्रक की तलाशी लेने की कोशिश की, चालक मौके का फायदा उठाकर घने जंगल की ओर भागने में सफल रहा। जब ट्रक के तिरपाल को हटाकर देखा गया, तो अंदर भारी मात्रा में कीमती लकड़ी के बड़े-बड़े बोटे भरे हुए थे। विभाग ने ट्रक समेत पूरी लकड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है और उसे वन डिपो लाया गया है। इस अचानक और प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र के लकड़ी माफियाओं और तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि वे ट्रक के नंबर के आधार पर मालिक और फरार ड्राइवर की तलाश कर रहे हैं। इस बात की भी जांच की जा रही है कि ये लकड़ियां किस जंगल से काटी गई थीं और इन्हें कहां खपाने की तैयारी थी।