बीजापुर में खेल महाकुंभ : अखिल भारतीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य आगाज़

बीजापुर,

जिले में इन दिनों खेल का उत्सव छाया हुआ है। मिनी स्टेडियम, बीजापुर में 18 से 20 फरवरी तक आयोजित अखिल भारतीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता ने पूरे जिले को खेल रंग में रंग दिया है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में हो रहे इस प्रतिष्ठित आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों की चर्चित टीमें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।

देशभर की नामचीन टीमें मैदान में
प्रतियोगिता में इनकम टैक्स महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, जबलपुर रेलवे, छत्तीसगढ़ पुलिस, साईं तमिलनाडु, ओडिशा और तेलंगाना की टीमें भाग ले रही हैं। तीन दिवसीय इस आयोजन में दर्शकों को रोमांचक और उच्चस्तरीय मुकाबले देखने को मिल रहे हैं।
खिलाड़ियों के दमदार सर्व, सशक्त ब्लॉक और तेज़तर्रार स्मैश से मिनी स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा है। हर मैच में जीत के लिए जबरदस्त संघर्ष देखने को मिल रहा है।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ
प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर वॉलीबॉल संघ के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, जिला पंचायत सीईओ नम्रता चौबे, जिला पंचायत सदस्य शंकरैया माड़वी एवं मथियास कुजूर, सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारीगण, डिप्टी कलेक्टर, जिला खेल अधिकारी नारायण प्रसाद गवेल तथा एसडीएम बीजापुर जागेश्वर कौशल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
अतिथियों ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया और प्रतियोगिता की सफलता की कामना की।

उद्घाटन मुकाबला रहा रोमांचक
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला गंगालूर और उत्तर प्रदेश की टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कड़े संघर्ष के बाद उत्तर प्रदेश की टीम ने जीत दर्ज की।
इस मुकाबले ने आगामी मैचों के लिए रोमांच और प्रतिस्पर्धा का स्तर तय कर दिया है।

खेल संस्कृति को मिल रही नई दिशा
बीजापुर का मिनी स्टेडियम आगामी दिनों तक खेल उत्साह, जोश और प्रतिस्पर्धा का केंद्र बना रहेगा। यह आयोजन न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान कर रहा है, बल्कि जिले में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *