राजनीति मेरे बस की बात नहीं, कलाकार हूं और कलाकार ही रहना चाहता हूं: खेसारी लाल यादव

पटना। भोजपुरी फिल्म जगत के प्रसिद्ध अभिनेता खेसारी लाल यादव ने राजनीति में आने की तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे एक कलाकार हैं और भविष्य में भी कला के क्षेत्र में ही रहना चाहते हैं। एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने राजनीति के साथ-साथ अक्षरा सिंह, पवन सिंह और बिहार सरकार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर खुलकर अपनी राय साझा की।

बीजेपी में शामिल होने की चर्चाओं पर खेसारी ने दो टूक कहा कि राजनीति करना उनके स्वभाव में नहीं है। उन्होंने कहा कि राजनीति में कई बार झूठ का सहारा लेना पड़ता है, जबकि वे सच बोलने वाले इंसान हैं। हाल ही में रितेश पांडे द्वारा जनसुराज छोड़कर भाजपा में शामिल होने की चर्चाओं के बाद खेसारी के भी राजनीति में आने के कयास लगाए जा रहे थे।

पवन सिंह और अन्य कलाकारों के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति भोजपुरी भाषा या बिहार-झारखंड का नाम रोशन कर रहा है, वह पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। चाहे पवन सिंह हों या कोई और, सबका सम्मान किया जाना चाहिए। वहीं तेज प्रताप यादव के एक बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि स्टारडम हमेशा के लिए नहीं होता। आज कोई और स्टार है तो कल कोई नया चेहरा होगा, यही प्रकृति का नियम है।

अक्षरा सिंह और ज्योति सिंह के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद पर उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि मामला कोर्ट में है और यह उनका निजी विषय है। हालांकि, उन्होंने नीट की तैयारी कर रही छात्रा की मौत और सुरक्षा के मुद्दे पर चिंता जताई। खेसारी ने कहा कि जिस राज्य में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं, वहां सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए। बिहार में शराबबंदी और खुले में मांस बिक्री पर रोक जैसे विषयों को उन्होंने सरकार का विशेषाधिकार बताया।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *