बीजापुर: नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के थाना गंगालूर अंतर्गत ग्राम इरामांगी में सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता मिली है। सीआरपीएफ की 85वीं बटालियन की ई/85 कंपनी और गंगालूर थाने की पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर नक्सलियों द्वारा छिपाई गई भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है।
प्राप्त विश्वसनीय सूचना के आधार पर कावडगाॅव कैंप से पश्चिम दिशा में लगभग 3.8 किलोमीटर दूर घने जंगलों में यह ऑपरेशन चलाया गया। 15 फरवरी 2026 को सुबह लगभग 06:00 बजे से सीआरपीएफ के उप महानिरीक्षक बी.एस. नेगी तथा कमांडेंट 85 बटालियन सुनील कुमार राही के मार्गदर्शन में एरिया डॉमिनेशन अभियान शुरू किया गया। इस टीम का नेतृत्व ई/85 के सहायक कमांडेंट हेमन्त भट्ट और गंगालूर पुलिस की संयुक्त टीम कर रही थी।

अभियान के दौरान सुरक्षा बल के डॉग (फिडल) ने एक संदिग्ध स्थान की ओर संकेत दिया। इसके तुरंत बाद बीडीडीएस (BDDS) और स्वान दस्ते ने उस जगह की घेराबंदी कर सघन तलाशी ली। सुबह लगभग 10:00 बजे नक्सलियों द्वारा छिपाई गई विस्फोटक सामग्री बरामद कर ली गई। बरामद सामान में 02 नग इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, लगभग 1.5 किलोग्राम गन पाउडर, 04 नग जिलेटिन राॅड और लगभग 25 से 30 मीटर लाल रंग का कोर्डेक्स वायर शामिल है।
मिली जानकारी के अनुसार, नक्सली सुरक्षा बलों को बड़ा नुकसान पहुंचाने की फिराक में थे, लेकिन सीआरपीएफ और गंगालूर पुलिस की मुस्तैदी ने इस साजिश को समय रहते विफल कर दिया। सुरक्षा बलों द्वारा लगातार बनाए जा रहे दबाव के कारण नक्सली संगठनों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगा है। इस सफल अभियान के बाद कमांडेंट सुनील कुमार राही ने शामिल सभी अधिकारियों और जवानों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त अभियान लगातार जारी हैं।