बिलासपुर। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय में प्रतिमा स्थापना के दौरान हुए हादसे में एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। छात्रों ने घटना के लिए प्रशासनिक लापरवाही और जल्दबाजी को जिम्मेदार ठहराते हुए विश्वविद्यालय में प्रदर्शन किया तथा कुलसचिव को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार विश्वविद्यालय परिसर में रानी दुर्गावती और भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित की जा रही थी। इसी दौरान प्रतिमा को क्रेन से उतारते समय संतुलन बिगड़ गया और मूर्ति एक मजदूर के दाहिने पैर पर गिर गई। हादसे में मजदूर की दाहिनी जांघ में गंभीर चोट आई और सिर के पीछे भी चोटें आई हैं। उसे तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
छात्रों का आरोप है कि कार्य में अनावश्यक जल्दबाजी की गई और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया। मजदूरों को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे। साथ ही क्रेन संचालन में भी लापरवाही बरती गई। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद कुछ विद्यार्थियों को वीडियो बनाने से रोका गया।
छात्र नेता सूरज सिंह राजपूत ने कहा कि कुलपति का कार्यकाल शीघ्र समाप्त होने वाला है और प्रतिमा का अनावरण उनके कार्यकाल में ही कराने की जल्दबाजी में यह हादसा हुआ। उन्होंने विश्वविद्यालय के संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग की।
घटना से आक्रोशित छात्र प्रतिनिधिमंडल ने कुलसचिव गौतम को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान छात्रों और कुलसचिव के बीच तीखी बहस भी हुई। छात्रों ने स्पष्ट किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर ठोस कार्रवाई की जाए।