होली पर शराब दुकानें खोलने के फैसले पर छत्तीसगढ़ में सियासी घमासान, भाजपा-कांग्रेस के बीच वार-पलटवार

रायपुर: छत्तीसगढ़ में होली के त्योहार के दौरान शराब दुकानों को खुला रखने के सरकार के फैसले पर राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस ने इस निर्णय को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोला है, जिस पर भाजपा मंत्रियों और विधायकों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

कांग्रेस ने साधा निशाना

कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने सरकार के इस फैसले पर आपत्ति जताते हुए कहा कि होली एक महत्वपूर्ण त्योहार है और इस दौरान आपराधिक घटनाएं बढ़ने की आशंका रहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केवल राजस्व कमाने के उद्देश्य से प्रदेश को नशे की ओर धकेल रही है। उपाध्याय ने कहा कि होली के दिन शराब दुकानें खुली रहने से प्रदेश का माहौल खराब हो सकता है।

सरकार का बचाव

आबकारी नीति में ड्राई डे की संख्या घटाने पर कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि सभी निर्णय समय की आवश्यकता के अनुसार लिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य लोगों को नशे से दूर रखना है। मंत्री ने गुरु घासीदास बाबा के संदेश का हवाला देते हुए कहा कि सरकार नशे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चला रही है और आने वाली पदयात्राओं के माध्यम से भी समाज को नशे से दूर रहने का संदेश दिया जाएगा।

भाजपा का पलटवार

वहीं, भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि विपक्षी दल आंदोलन और प्रदर्शन के जरिए जनता को डराने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने भाजपा को पंचायत से लेकर संसद तक अपना आशीर्वाद दिया है और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार जनहित में कार्य कर रही है। मिश्रा ने पूर्ववर्ती सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि जिन्होंने खुद गलतियां की हैं, वे हमें नसीहत न दें।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *