पोरबंदर। गुजरात एटीएस और भारतीय तटरक्षक बल (कोस्ट गार्ड) ने समुद्र में एक संयुक्त ऑपरेशन चलाकर नशीले पदार्थों की तस्करी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा के पास हाई-सीज पर चलाए गए इस सफल अभियान में एक ईरानी नाव से 200 किलोग्राम से अधिक संदिग्ध ड्रग्स बरामद किए गए हैं। इस मामले में नाव पर सवार दो ईरानी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है।
एटीएस के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल सुनील जोशी के मुताबिक, एजेंसी को गुप्त सूचना मिली थी कि भारतीय जलक्षेत्र में संदिग्ध नशीला पदार्थ लाया जा रहा है। इस सूचना के आधार पर पोरबंदर तट से करीब 140 नॉटिकल मील दूर समुद्र में तटरक्षक बल के साथ मिलकर संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। लगभग आठ से दस घंटे तक चले इस चुनौतीपूर्ण अभियान के बाद सोमवार शाम एक तेज रफ्तार संदिग्ध बोट को घेरा गया।
तलाशी के दौरान बोट से सफेद पाउडर जैसे पदार्थ के 203 पैकेट बरामद हुए, जिनका कुल वजन 200 किलो से ज्यादा है। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि नशीले पदार्थों की यह खेप ईरान से लाई जा रही थी और इसे पंजाब के किसी व्यक्ति को सौंपा जाना था। सुरक्षा एजेंसियां अब इस मामले के पंजाब कनेक्शन की गहराई से जांच कर रही हैं।
पकड़े गए दोनों तस्करों और जब्त की गई बोट को पोरबंदर लाया जा रहा है। बरामद किए गए पैकेटों को फॉरेंसिक जांच के लिए कोस्ट गार्ड स्टेशन भेजा गया है ताकि पदार्थ की सटीक पहचान हो सके। गौरतलब है कि पिछले साल अप्रैल में भी एटीएस और तटरक्षक बल ने अरब सागर में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1,800 करोड़ रुपये मूल्य की 300 किलो ड्रग्स जब्त की थी।